चंडीगढ़ , मई 28 -- हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने कई नायब तहसीलदारों को पदोन्नत कर तहसीलदार नियुक्त करने के आदेश जारी किये हैं।
श्री अशोक कुमार को 12 अगस्त 2025 से नोटनल आधार पर तहसीलदार पद पर पदोन्नति दी गयी है। उन्हें यह लाभ उस तारीख से मिलेगा, जिस दिन उनके जूनियर अधिकारी को तहसीलदार बनाया गया था। वेतनमान का वास्तविक लाभ तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इसके अलावा अभिनव, रोहित कौशिक, शेली मलिक, दीपक, जतिंदर गिल, प्रतीक, सौरभ शर्मा और अस्तित्व प्रशार को भी तत्काल प्रभाव से तहसीलदार पद पर पदोन्नत किया गया है। सभी अधिकारियों को पे मैट्रिक्स लेवल-9 के तहत वेतनमान मिलेगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी पदोन्नतियां अस्थायी आधार पर होंगी और अधिकारियों को एक वर्ष का प्रोबेशन पीरियड पूरा करना होगा। यदि किसी अधिकारी की लंबित एसीआर में प्रतिकूल टिप्पणी सामने आती है, तो उसे दोबारा नायब तहसीलदार पद पर भेजा जा सकता है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि पदोन्नतियां दिव्यांगजन के लिए लागू क्षैतिज आरक्षण नीति और अनुसूचित जाति वर्ग की क्रीमी लेयर नीति के अधीन रहेंगी। साथ ही, यह प्रक्रिया उच्चतम न्यायालय और अन्य अदालतों में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन मानी जाएगी। वरिष्ठता का अंतिम निर्धारण बाद में किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित