चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करते हुए ऑपरेशन थिएटर (ओटी) असिस्टेंट की शैक्षणिक योग्यता बढ़ाने का फैसला लिया है। अब ओटी असिस्टेंट के लिए न्यूनतम योग्यता " टेन प्लस टू साइंस" के स्थान पर "बीएससी ओटी टेक्नोलॉजी" निर्धारित की गयी है।

ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट वेलफेयर एसोसिएशन, हरियाणा ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है। एसोसिएशन के प्रधान राहुल जागलान और महासचिव राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राओ से मुलाकात कर उनका आभार जताया।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि यह फैसला सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे सरकारी अस्पतालों में सर्जिकल सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी और मरीजों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों में कैशलेस सर्जरी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आधुनिक सर्जिकल उपकरणों के संचालन के लिए तकनीकी रूप से दक्ष स्टाफ की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 'बीएससी ओटी टेक्नोलॉजी' योग्यता लागू करने का निर्णय लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित