चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- हरियाणा में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उच्च स्तरीय बैठक कर एलपीजी सिलेंडरों और पीएनजी नेटवर्क की स्थिति की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों से जमीनी हालात की जानकारी ली गयी।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्रों सहित अंतिम छोर तक एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाये और पांच किलोग्राम एफटीएल सिलेंडरों की उपलब्धता पर विशेष निगरानी रखी जाये। बुकिंग और वितरण में आने वाली बाधाओं को दूर करने तथा लाभार्थियों को नए गैस कनेक्शन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से देने पर जोर दिया गया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार राज्य में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के समन्वय से आपूर्ति सुचारू बनी हुई है। मार्च 2026 में प्रदेशभर में 54.39 लाख घरेलू सिलेंडर वितरित किये गये।
बैठक में बताया गया कि 28 मार्च से होटलों, रेस्तरां और उद्योगों को व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति भी फिर से शुरू कर दी गयी है, जिससे कारोबारी गतिविधियों को गति मिली है। एक से पांच अप्रैल के बीच 4,730 एफटीएल सिलेंडरों की बिक्री दर्ज की गयी।
स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के तहत 15 मार्च से अब तक 2,565 नये एलपीजी कनेक्शन जारी किये गये हैं। साथ ही पेट्रोल पंपों पर ईंधन आपूर्ति सामान्य है और लोगों से अनावश्यक घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित