चंडीगढ़ , जून 15 -- हरियाणा में सोमवार को मौसम के अचानक करवट लेने से हांसी में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई जबकि तेज आंधी के चलते एक मोबाइल टावर गिर गया। हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, नारनौल, रेवाड़ी, सोनीपत, फतेहाबाद और पानीपत समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ। भिवानी के सिवानी क्षेत्र में करीब 100 मीटर ऊंचा धूल का बवंडर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना।
सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, झज्जर, फतेहाबाद और सिरसा में बारिश दर्ज की गई। गुरुग्राम में तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने 15 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार दो दिन मौसम साफ रहने के बाद अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। विभाग ने अगले पांच दिनों में तापमान में पांच डिग्री तक वृद्धि की संभावना जताई है। साथ ही अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित