चंडीगढ़ , सितंबर 18 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि 31 अगस्त तक प्रदेश में 19.91 लाख पशुओं का बीमा किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 से अब तक 32,679 बीमा दावों का निपटारा कर पशुपालकों को 123.68 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

मुख्यमंत्री ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकार की पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। श्री सैनी ने बताया कि राज्य में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 1,128 ग्राम दूध की उपलब्धता है, जो देश में तीसरे स्थान पर है। राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत भेड़, बकरी, सूअर पालन और चारा उत्पादन के लिए 10 से 50 लाख रुपये तक की अनुदान सहायता दी जा रही है। मई 2026 तक 2.31 लाख पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड स्वीकृत किए गए और करीब 3,478 करोड़ रुपये किसानों को वितरित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 'पंडित दीन दयाल उपाध्याय सामूहिक पशुधन बीमा योजना' के तहत अनुसूचित जाति (अजा) परिवारों के पशुधन का 100 प्रतिशत प्रीमियम सरकार वहन कर रही है, जबकि सामान्य श्रेणी के पशुपालकों को प्रीमियम पर 85 प्रतिशत सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि पशु स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया गया है। वर्तमान कार्यकाल में 138 नए सरकारी पशु अस्पताल बनाए गए हैं। हिसार में बीएसएल-2 प्रयोगशाला स्थापित की गई है, जबकि पंचकूला और सोनीपत में प्रयोगशालाओं की स्थापना की प्रक्रिया जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित