चंडीगढ़ , जून 15 -- हरियाणा महिला आयोग की नयी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और तीन अन्य सदस्यों ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पूर्व अध्यक्ष रेणू भाटिया के इस्तीफे के बाद रिक्त हुए पद पर गुरुग्राम निवासी भाजपा नेता ऊषा प्रियदर्शनी को अध्यक्ष तथा भिवानी की मीना परमार को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद सुश्री ऊषा प्रियदर्शनी ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि आयोग में अपनी समस्या लेकर आने वाली प्रत्येक महिला को त्वरित न्याय और सम्मानजनक माहौल मिले। उन्होंने कहा कि आयोग का वातावरण ऐसा बनाया जाएगा, जहां महिलाएं बिना किसी डर या झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
रेणू भाटिया से जुड़े विवाद के संबंध में पूछे गये सवाल पर सुश्री प्रियदर्शिनी ने कहा कि उन्होंने यह मामला सोशल मीडिया पर देखा है और अभी इसकी विस्तृत जानकारी नहीं है। मामले का अध्ययन करने के बाद यदि किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आयोग के कार्यों को आगे बढ़ाने में सुश्री रेणू भाटिया के अनुभव का लाभ लिया जाएगा।
नयी अध्यक्ष ने कहा कि कार्यस्थलों पर महिलाओं के शोषण की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन कई महिलाएं सामाजिक दबाव, भय या शर्म के कारण शिकायत नहीं कर पातीं। आयोग महिलाओं को सुरक्षित और भरोसेमंद मंच उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित