भिवानी , सितंबर 30 -- हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने बुधवार को महिलाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई की। उन्होंने लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद एवं अन्य मामलों सहित कुल 30 मामलों पर सुनवाई की, जिनमें नौ मामलों में आपसी समझौता करवाकर निपटारा किया गया। वहीं पांच मामलों में दोबारा जांच के आदेश दिए गए तथा छह मामलों को हरियाणा राज्य महिला आयोग के पंचकूला स्थित कार्यालय में आगामी सुनवाई के लिए बुलाया गया। शेष मामलों में अगली सुनवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुश्री परमार ने जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में दोनों पक्षों को ध्यानपूर्वक सुना जाए और निष्पक्षता के साथ जांच की जाए। किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास विवादों का उचित समाधान कर दोनों पक्षों को बेहतर एवं शांतिपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।
सुश्री परमार ने कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार से घबराने या डरने की आवश्यकता नहीं है। महिला आयोग हर जरूरतमंद महिला के साथ खड़ी है। कोई भी महिला अपनी शिकायत आयोग के ई-मेल के माध्यम से लिखित रूप में दर्ज करवा सकती है। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष रूप से मामले का समाधान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आयोग केवल महिलाओं का पक्ष लेने के लिए नहीं बल्कि महिला और पुरुष दोनों पक्षों को सुनकर तथ्यों एवं जांच के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कार्य करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित