चंडीगढ़ , अक्टूबर 10 -- हरियाणा मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूरी करने पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने यह प्रस्ताव पेश किया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और कल्याणकारी नीतियों से हरियाणा ने विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण को प्राथमिकता दी है। जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, गरीबों को आवास, उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण और हर घर नल से जल जैसी पहलों से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 वर्षों तक शासन किया, जबकि मोदी सरकार ने 12 वर्षों में विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
श्री सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में हरियाणा के 18 दौरे किए और 86 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत राज्य को सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। उन्होंने कहा कि पानीपत से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू कर प्रधानमंत्री ने बेटियों के सम्मान का संदेश दिया। राज्य सरकार प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेकर सभी 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद कर रही है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से धान की कटाई के दौरान पराली नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है। सरकार ने पराली प्रबंधन की व्यवस्था की है, जिसका किसानों को लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा के युवाओं की प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग जरूरी है। सैनी ने विश्वास जताया कि राज्य विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अहम योगदान देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित