चंडीगढ़ , नवंबर 24 -- हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के भव्य उद्घाटन के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि हरियाणा मंडप, राज्य की समृद्ध लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि यह मंडप हरियाणवी संस्कृति की वास्तविक पहचान को दुनिया के सामने प्रस्तुत करता है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा हरियाणवी संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में किया जा रहा योगदान सराहनीय है।

रक्षा मंत्री ने पुरुषोत्तमपुरा बाग स्थित ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा स्थापित हरियाणा मंडप का उद्घाटन करने के बाद संबोधित किया। उद्घाटन के दौरान अनिल विज, कृष्ण कुमार बेदी, गीता विद्वान स्वामी ज्ञानानंद महाराज, सांसद नवीन जिंदल और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने हरियाणा मंडप का अवलोकन किया और इसकी थीम आधारित प्रस्तुतियों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री को पारंपरिक हरियाणवी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया, जो राज्य के गौरव और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसके बाद अतिथियों ने हरियाणा मंडप में लगे विभिन्न स्टॉलों और कलाकृतियों को देखा। मंडप में प्रदर्शित प्रदर्शनियां हरियाणा की लोक परंपराओं, कला, हस्तशिल्प और प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर का सार प्रस्तुत करती हैं।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पहलगाम हमले के आतंकी भूल गए थे कि भारत गीता का देश है। यहां करूणा के साथ-साथ धर्म की रक्षा के लिए युद्ध का संकल्प भी जीवित रहता है। उन्होंने कहा कि शांति को बनाए रखना है तो शक्ति का होना अनिवार्य है और निर्दोषों की रक्षा के लिए बलिदान का साहस भी जरूरी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' ने दुनिया को भारत की क्षमता का एहसास कराया। दुश्मन भारत की शालीनता को कमजोरी समझ रहे थे, लेकिन भारत ने ऐसा जवाब दिया जिसकी वैश्विक स्तर पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि भारत ने युद्ध में वही किया जिसका संदेश भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों को दिया था युद्ध बदले के लिए नहीं धर्म की स्थापना के लिए होता है। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा प्रवचन से नहीं, बल्कि कर्म से होती है और ऑपरेशन सिंदूर इसका उदाहरण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित