चंडीगढ़ , मई 12 -- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) के मंगलवार को 12वीं कक्षा के घोषित परिणामों में उत्तीर्ण होने वाली छात्राओं ने एक बार फिर छात्रों को पीछे छोड़ दिया।
बोर्ड मुख्यालय भिवानी में आयोजित प्रेस वार्ता में बोर्ड अध्यक्ष डॉ पवन कुमार ने परीक्षा परिणाम जारी किये।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा में कुल दो लाख 42 हजार 856 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से दो लाख पांच हजार 618 विद्यार्थी सफल रहे। परीक्षा परिणाम 84.67 प्रतिशत दर्ज किया गया। छात्राओं का पास प्रतिशत 87.97 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 81.45 प्रतिशत रहा। इस तरह लड़कियों ने लड़कोंसे 6.52 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया।
जिलावार प्रदर्शन में चरखी दादरी पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जबकि नूंह जिला सबसे नीचे रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए शहरों को पीछे छोड़ दिया। ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 84.98 प्रतिशत रहा, जबकि शहरी क्षेत्रों का परिणाम 83.91 प्रतिशत दर्ज किया गया।
प्राइवेट स्कूलों का परीक्षा परिणाम 87.94 प्रतिशत रहा, जबकि सरकारी स्कूलों का परिणाम 82.44 प्रतिशत दर्ज किया गया। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि दोनों श्रेणियों के स्कूलों के परिणाम शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संकेत हैं।
हरियाणा मुक्त विद्यालय के परिणाम भी घोषित किये गये। फ्रेश श्रेणी का परिणाम 42.15 प्रतिशत और रि-अपियर श्रेणी का परिणाम 50.09 प्रतिशत रहा। मुक्त विद्यालय में भी छात्राओं ने छात्रों से 11.23 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया।
डॉ पवन कुमार ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे पुनर्मूल्यांकन या पुनः जांच के लिए परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के भीतर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित