चंडीगढ़ , मई 14 -- हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड, भिवानी ने माध्यमिक नियमित और ओपन स्कूल वार्षिक परीक्षा-2026 के परिणाम घोषित कर दिये हैं जिसमें 89.60 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि माध्यमिक नियमित परीक्षा में 89.60 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि निजी उम्मीदवारों का पास प्रतिशत 70.02 प्रतिशत रहा। परीक्षा में कुल 2,76,640 नियमित छात्र बैठे थे, जिनमें से 2,47,860 पास हुए। 6,201 छात्रों का परिणाम अनिवार्य पुनरीक्षण रहा, जिन्हें दोबारा परीक्षा देनी होगी।

इस बार छात्राओं ने बाजी मारी। 1,33,530 छात्राओं में से 1,22,367 उत्तीर्ण हुईं, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 91.64 प्रतिशत रहा। वहीं 1,43,110 छात्रों में से 1,25,493 उत्तीर्ण हुए, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 87.69 प्रतिशत रहा। छात्राओं का परिणाम छात्रों से 3.95 प्रतिशत बेहतर रहा।

निजी स्कूलों का प्रदर्शन सरकारी स्कूलों से अच्छा रहा। निजी स्कूलों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.45 प्रतिशत और सरकारी स्कूलों का 87.23 प्रतिशत रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों का पास प्रतिशत 90.25 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों का 87.94 प्रतिशत रहा। जिलेवार नतीजों में चरखी दादरी पहले, जींद दूसरे और महेंद्रगढ़ तीसरे स्थान पर रहा। नूंह जिला सबसे निचले पायदान पर रहा।

ओपन स्कूल में फ्रेश श्रेणी का परिणाम सिर्फ 11.17 प्रतिशत रहा। 5,772 में से केवल 645 छात्र पास हुए। वहीं रि-अपीयर श्रेणी में 47.64 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए।

भिवानी के आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल मीरान की दीपिका 499 अंकों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहीं। 498 अंकों के साथ चार छात्र दूसरे स्थान पर रहे, जिनमें चरखी दादरी के रोनक, हिसार की खुशी, अंतु और महेंद्रगढ़ के दीपांशु शामिल हैं। 497 अंकों के साथ 11 छात्रों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। पुनर्जांच या पुनर्मूल्यांकन के लिए छात्र परिणाम घोषित होने के 20 दिन के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित