चंडीगढ़ , मई 15 -- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के उत्कृष्ट परिणामों पर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का नतीजा है। इस बार 12वीं कक्षा में 84.67 प्रतिशत और 10वीं कक्षा में 89.60 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्र आगे भी समर्पण और अनुशासन के साथ बढ़ेंगे। उन्होंने कम अंक पाने वाले छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि असफलता अंत नहीं है, बल्कि खुद को सुधारने का अवसर है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर अंकों का दबाव न बनाएं और उनका मनोबल बढ़ाएं।
श्री ढांडा ने निष्पक्ष और बिना नकल परीक्षा कराने के लिए बोर्ड के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को आधुनिक बनाने में जुटी है, ताकि हर बच्चा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सके।
उन्होंने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित