चंडीगढ़ , मार्च 22 -- हरियाणा ने 24वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। स्वास्थ्य मंत्री एवं हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष आरती सिंह राव ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों की मेहनत और राज्य की खेल नीति की सराहना की।

ओडिशा में 17 से 21 मार्च 2026 तक आयोजित इस चैंपियनशिप में देशभर के 28 राज्यों के पैरा एथलीटों ने हिस्सा लिया। हरियाणा की टीम ने कुल 90 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया जिसमें 36 स्वर्ण 29 रजत और 25 कांस्य पदक शामिल हैं।

आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लागू प्रभावी खेल नीतियों को दिया। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा ने पिछले वर्ष भी इस चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

हरियाणा की ओर से 144 सदस्यीय दल ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें 121 खिलाड़ी और 23 सहायक स्टाफ शामिल थे। टीम का नेतृत्व उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश सांगवान ने किया, जबकि टीम मैनेजर सुरेंद्र सिंह और कोच जतिन भाटी ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रणव सुरमा ने क्लब थ्रो में स्वर्ण पदक जीता, जबकि नवदीप, रिंकू हुडा और सुमित ने भाला फेंक में गोल्ड हासिल किया। धर्मबीर और टेकचंद ने क्लब थ्रो में स्वर्ण पदक जीते और अंकुर धामा ने 1500 मीटर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित