चंडीगढ़ , मार्च 02 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट को दिशाहीन और आंकड़ों का खेल करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट बढ़ते कर्ज पर पर्दा डालने वाला दस्तावेज है, जिसमें प्रदेश की मूल समस्याओं की अनदेखी की गयी है।
मीडिया को जारी बयान में सुश्री सैलजा ने कहा कि सरकार 10.28 प्रतिशत बजट वृद्धि का दावा कर रही है, लेकिन प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। केवल बजट का आकार बढ़ाना उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह देखना जरूरी है कि उसका वास्तविक लाभ आम जनता तक कितना पहुंचता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में जल संकट और प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों पर ठोस योजना का अभाव है। घग्गर और यमुना नदी में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए कोई समयबद्ध और प्रभावी कार्ययोजना प्रस्तुत नहीं की गयी। उन्होंने कहा कि सरकार को नदियों की सफाई और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ठोस नीति लानी चाहिए थी, जो इस बजट में दिखाई नहीं देती।
उन्होंने कहा कि प्रदूषित पानी के कारण सिरसा सहित कई क्षेत्रों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन कैंसर की रोकथाम और उपचार के लिए किसी विशेष मिशन या अलग कोष का प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने इस अत्यंत चिंताजनक बताया और कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, किसानी की बढ़ती लागत युवाओं का पलायन और छोटे व्यापारियों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस बजट का तथ्यात्मक और रचनात्मक विरोध करेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़कों तक मजबूती से उठाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित