पंचकूला , अगस्त 05 -- हरियाणा पुलिस ने गोल्ड लोन ट्रांसफर प्रक्रिया का कथित दुरुपयोग कर एक निजी वित्तीय कंपनी से करीब 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपी को पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय सिंह पुत्र रामलाल निवासी गांव नथौर, जिला सिरसा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाना में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
प्रवक्ता के अनुसार, बरनाला रोड स्थित एक निजी गोल्ड लोन कंपनी के कर्मचारी विजय शर्मा ने शिकायत दी थी कि आरोपी ने अप्रैल 2026 में अपनी पुरानी गोल्ड लोन राशि नई कंपनी में ट्रांसफर कराने के लिए आवेदन किया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई कंपनी ने इस वर्ष चार मई को करीब 17 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में स्थानांतरित कर दिए, ताकि वह पहले से चल रहा गोल्ड लोन बंद कर सके।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुराना लोन तो चुका दिया लेकिन नियमानुसार गिरवी रखा गया सोना नई कंपनी के पास जमा नहीं कराया। कंपनी अधिकारियों ने कई बार उससे संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि कथित धोखाधड़ी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने इसी तरह की वारदात किसी अन्य वित्तीय संस्था के साथ तो नहीं की है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को दोबारा अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित