पंचकूला , अगस्त 06 -- हरियाणा पुलिस ने पढ़ाई के तनाव में जेएलएन नहर में छलांग लगाने वाली 18 वर्षीय छात्रा को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सकुशल बचा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने इस घटना के बाद अभिभावकों से बच्चों पर परीक्षा और करियर का अनावश्यक दबाव नहीं डालने की अपील की है।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि रोहतक रेंज के पुलिस आयुक्त सिमरदीप सिंह के मार्गदर्शन और झज्जर पुलिस उपायुक्त धारणा यादव के निर्देशन में मातनहेल पुलिस चौकी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा की जान बचाई।

प्रवक्ता के अनुसार, आज सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि एक युवती ने मातनहेल स्थित जेएलएन नहर में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एएसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई महेश कुमार, हेड कांस्टेबल सर्वजीत, एसपीओ पवन, एसपीओ धर्मबीर और सरकारी वाहन चालक प्रवेश मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बिना देर किए छात्रा को जीवित नहर से बाहर निकाला और तत्काल सिविल अस्पताल मातनहेल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में छात्रा उत्तर प्रदेश की रहने वाली पाई गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह पढ़ाई के तनाव के कारण मानसिक रूप से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। उपचार के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

चौकी प्रभारी एएसआई प्रदीप कुमार ने कहा कि अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा, पढ़ाई या करियर का दबाव बच्चों पर इतना न बढ़े कि वे निराशा में कोई गलत कदम उठा लें। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे तनाव, चिंता या उदासी महसूस कर रहे हों तो उनसे खुलकर संवाद करें, उनकी भावनाओं को समझें और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लेने में संकोच न करें।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि समय पर परिवार का साथ, विश्वास और संवाद किसी भी अनहोनी को टाल सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में हरियाणा पुलिस हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित