पंचकूला , अगस्त 06 -- स्वतंत्रता दिवस-2026 से पहले हरियाणा पुलिस ने राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' के तहत अपराध जगत पर अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। मात्र चार दिनों (एक से चार अगस्त) में पुलिस ने 1,253 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 1,196 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, 204 संगीन अपराधों के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, 143 हिस्ट्रीशीट अपडेट की गईं तथा 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई, जिससे राज्य में अपराधियों पर निगरानी और सख्त हो गई है।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों तथा संगठित अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ पूरे प्रदेश में एक साथ कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस, अपराध शाखा, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और अन्य विशेष इकाइयां समन्वित अभियान चलाकर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त कर रही हैं।

गुरुवार को पुलिस मुख्यालय से जारी एक बयान में हरियाणा के पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना तथा प्रदेशवासियों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी संगीन अपराध में शामिल व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों और विशेष इकाइयों को वांछित, फरार और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए उनके पूरे आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य अपराध शाखा के पुलिस महानिरीक्षक श्री राकेश आर्य ने बताया कि अभियान के दौरान 151 संगीन मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें आर्म्स एक्ट के 55 मामलों में 59 आरोपी, हत्या के प्रयास के 34 मामलों में 63 आरोपी, हत्या के 23 मामलों में 26 आरोपी, लूट के 14 मामलों में 20 आरोपी, स्नैचिंग के 9 मामलों में 17 आरोपी, रंगदारी के 6 मामलों में 6 आरोपी, अपहरण के 6 मामलों में 5 आरोपी तथा डकैती के 3 मामलों में 7 आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा 1,045 अन्य आपराधिक मामलों में 1,049 अपराधियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया गया।

अभियान के दौरान 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई, जबकि 143 पुराने हिस्ट्रीशीट रिकॉर्ड अपडेट किए गए, जिससे ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर अधिक प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी और भविष्य में उनके विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

डीजीपी श्री अजय सिंघल ने कहा कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन आगे भी पूरे जोर-शोर से जारी रहेगा। सभी जिला पुलिस, अपराध शाखाओं, एसटीएफ तथा अन्य विशेष इकाइयों को लगातार छापेमारी कर वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध हथियारों की बरामदगी, आदतन अपराधियों की निगरानी तथा संगठित अपराधी गिरोहों को पूरी तरह ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित