कुरुक्षेत्र , नवंबर 1 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कुरुक्षेत्र में हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर आयोजित हीरक जयंती समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने हीरक जयंती के लोगो का अनावरण किया। राष्ट्रपति ने कहा कि हरियाणा ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक हर क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया है। प्रदेश की धरती ने देश को वीर सैनिक, खिलाड़ी, किसान, वैज्ञानिक और महान समाजसेवी दिए हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि से भगवान श्रीकृष्ण ने भगवद्गीता का संदेश पूरी दुनिया को दिया। हरियाणा की विरासत में राव तुलाराम, दीनबंधु सर छोटूराम, पंडित नेकीराम शर्मा और दादा लक्ष्मीचंद जैसी महान विभूतियों का योगदान शामिल है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में हरियाणा के लोगों की भूमिका का उल्लेख करते हुए 1930 के सविनय अवज्ञा आंदोलन में रेवाड़ी की 12 वर्षीय बालिका के साहसिक योगदान को भी याद किया। उन्होंने राज्य सरकार से इस घटना की विस्तृत जानकारी जुटाकर इसे लोगों के सामने लाने का आग्रह किया।

महिला सशक्तिकरण पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि हरियाणा ने इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। पानीपत से शुरू हुआ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान सकारात्मक बदलाव का उदाहरण है। उन्होंने महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने और अन्य कल्याणकारी पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मनु भाकर, स्वीटी बूरा, जैस्मीन लैंबोरिया और कल्पना चावला जैसी बेटियों ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित