चंडीगढ़ , मई 29 -- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश आकर्षित करने और रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से सात नयी क्षेत्र-विशिष्ट नीतियां अधिसूचित की हैं।

नयी नीतियों में हरियाणा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विनिर्माण नीति-2026, हरियाणा फार्मास्यूटिकल एवं मेडिकल डिवाइस विनिर्माण नीति-2026, हरियाणा खिलौना एवं खेल उपकरण विनिर्माण नीति-2026, हरियाणा इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट रिसाइक्लिंग नीति-2026, हरियाणा ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर नीति-2026, हरियाणा आईटी/आईटीईएस, एआई एवं उभरती प्रौद्योगिकी नीति-2026 तथा हरियाणा एवीजीसी-एक्सआर नीति-2026 शामिल हैं।

ये सभी नीतियां पांच वर्ष की अवधि तक प्रभावी रहेंगी। इनका उद्देश्य हरियाणा को उभरते और उच्च-विकास वाले क्षेत्रों में निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाना है।

सरकार को उम्मीद है कि नयी नीतिगत रूपरेखा से देशी और वैश्विक निवेशक आकर्षित होंगे। इससे राज्य का औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत होगा, नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित