चंडीगढ़ , मई 10 -- हरियाणा में 7 नगर निकायों के आम चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं के 528 पदों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान जारी रहा। शाम 5 बजे तक निकाय चुनावों में कुल 46.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सांपला नगर पालिका में सबसे अधिक 69 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि सोनीपत नगर निगम में सबसे कम 40.1 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।

चुनाव के दौरान कई स्थानों पर हलचल भी देखने को मिली। रेवाड़ी के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर एक युवक को कथित तौर पर फर्जी वोट डालते हुए पकड़ा गया। प्रत्याशियों और समर्थकों के हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह 'दीनू' नामक व्यक्ति के कहने पर भाजपा के पक्ष में वोट डालने आया था। पुलिस अब दीनू की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित