चंडीगढ़ , अक्टूबर 19 -- हरियाणा दिवस के अवसर पर एक नवंबर को सेक्टर-27 स्थित जाट भवन में नवनिर्मित लिफ्ट का उद्घाटन सांसद मनीष तिवारी करेंगे। यह लिफ्ट सांसद निधि से तैयार करवाई गई है।
इस संबंध में जाट सभा चंडीगढ़-पंचकूला की कार्यकारी समिति की बैठक सभा के प्रधान डॉ. महेंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में जाट भवन में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में सभा के दिवंगत सदस्यों और उनके परिजनों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में सभा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके अलावा कटड़ा में चौधरी छोटूराम यात्री निवास के भवन निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां सर्वसम्मति से की गईं। सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता अशोक कुमार श्योकंद को उपप्रधान, सेवानिवृत्त उपमंडल अधिकारी रामफल नैन को वित्त सचिव तथा गौरव श्योराण को कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक में उपप्रधान जयपाल पुनिया, सचिव बी.एस. गिल, संयुक्त सचिव एम.एस. फौगाट और एस.एस. हुड्डा, जनसंपर्क सचिव जे.एस. ढिल्लो तथा संपादक मनबीर सांगवान सहित सभा के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित