सोनीपत , जुलाई 30 -- हरियाणा लोक उद्यम ब्यूरो के अध्यक्ष एवं हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल कर हरियाणा को हरित बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

बडोली 77वें वन महोत्सव के तहत मुंडलाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों और प्रकृति के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने करनाल से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा संबोधित राज्य स्तरीय वन महोत्सव का सीधा प्रसारण भी देखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित