यमुनानगर , नवंबर 01 -- हरियाणा प्रदेश के गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने पर यमुनानगर में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। डीएवी गर्ल्स कॉलेज के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा और अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा विशिष्ट अतिथि रहे।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। इस दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन को लोगों ने सुना।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, न्यू हैप्पी स्कूल के विद्यार्थियों ने हरियाणवी एकल नृत्य, राजकीय विद्यालय सब्जी मंडी के विद्यार्थियों ने समूह हरियाणवी नृत्य तथा जीएनजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने वाद्य यंत्र प्रस्तुति दी। भजन पार्टी गुरदेव सिंह एंड पार्टी ने हरियाणवी रागनी प्रस्तुत की।
अपने संबोधन में पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि हीरक जयंती प्रदेश की 60 वर्ष की गौरवशाली यात्रा को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने शिक्षा, खेल, कृषि, उद्योग और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और प्रदेश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है।
समारोह के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर एसडीएम रादौर नरेन्द्र कुमार, मार्किट कमेटी चेयरमैन विपुल गर्ग, पूर्व मेयर मदन चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित