चंडीगढ़ , फरवरी 27 -- हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के सदस्यों और प्रदेशवासियों को पहली बार आयोजित किए जा रहे पांच दिवसीय रंगोत्सव 2026 में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया है।
यह विशेष उत्सव 28 फरवरी से चार मार्च तक हरियाणा पर्यटन निगम के प्रदेश भर में स्थित 22 टूरिस्ट कॉम्प्लेक्सों में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पर्यटन विभाग सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला, दिवाली मेला और पिंजौर मैंगो मेले की तर्ज पर अब होली के अवसर पर भी जनमानस को जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहा है। विधानसभा में जानकारी देते हुए डॉ. शर्मा ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
रंगोत्सव के दौरान पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कार्यक्रमों की एक विस्तृत श्रृंखला तैयार की गई है। इसमें स्थानीय और हरियाणवी कलाकारों की प्रस्तुतियां पारंपरिक फाग और रागनी जैसे लोक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे। इसके साथ ही युवाओं के लिए डीजे रेन डांस जोन और बच्चों के लिए विशेष किड्स प्ले जोन की व्यवस्था की गई है। पर्यावरण सुरक्षा को देखते हुए उत्सव में केवल ऑर्गेनिक कलर जोन बनाया गया है जहां लोग प्राकृतिक रंगों के साथ होली खेल सकेंगे।
पर्यटन मंत्री के अनुसार विभाग का लक्ष्य इन आयोजनों के माध्यम से हरियाणा को पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करना है। कल से शुरू होने वाला यह महोत्सव प्रदेश के सभी प्रमुख जिलों में स्थित पर्यटन केंद्रों पर सुबह से शाम तक चलेगा जिसमें सपरिवार शिरकत की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित