पंचकूला , जुलाई 28 -- हरियाणा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिसार में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के निर्देशन में सीआईए मिलगेट टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 12 किलो 28 ग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गजानन्द पुत्र मूलचन्द, निवासी तलवंडी बादशाहपुर, जिला हिसार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना आजाद नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

प्रवक्ता के अनुसार, सीआईए मिलगेट प्रभारी पीएसआई संजीव कुमार की टीम अपराध एवं नशाखोरी की रोकथाम के लिए गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पंचमुखी चौक के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ बेचने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी के कब्जे में मौजूद दो सफेद कट्टों की तलाशी ली गई, जिसमें 12 किलो 28 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित