चंडीगढ़ , अक्टूबर 28 -- हरियाणा के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार ने पहल की है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 13 अक्टूबर 2026 को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के बाद हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी सरकारी स्कूलों में पेयजल की गुणवत्ता जांचने और आवश्यक सुधार करने के निर्देश जारी किए हैं।

परिषद ने सभी जिलों के अतिरिक्त उपायुक्तों (एडीसी) , जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ), जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (डीईईओ) तथा समग्र शिक्षा के जिला परियोजना समन्वयकों (डीपीसी) को तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। राज्य परियोजना निदेशक ने इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करने और समेकित रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं।

आदेश के अनुसार, सभी सरकारी स्कूलों में उपलब्ध पेयजल के नमूनों की जांच जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के समन्वय से कराई जाएगी। जांच के बाद निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले स्कूलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके निष्कर्ष स्कूल लॉगिन के माध्यम से एमआईएस (एमआईएस) पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित