सोनीपत , जुलाई 17 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के नेतृत्व में शुक्रवार को सोनीपत में भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली यात्री ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा ने हरित परिवहन के क्षेत्र में एक नया अध्याय रचा है। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन अत्याधुनिक हाइड्रोजन फ्यूल-सेल तकनीक पर आधारित है और इससे केवल जलवाष्प का उत्सर्जन होता है, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल परिवहन का माध्यम बनती है।

विधायक निखिल मदान, देवेंद्र कादियां, पूर्व मंत्री कविता जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को विकसित भारत, हरित परिवहन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान 210 पात्र लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड वितरित किए गए। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से उनके नए घरों की चाबियां भी सौंपी गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित