चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने 80वें स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और निस्वार्थ समर्पण के बल पर ही भारत ने आजादी का गौरव प्राप्त किया है। राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान को सदैव श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता सेनानियों के देशप्रेम, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर योगदान देने की प्रेरणा देता है।

प्रो. घोष ने हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों का प्रतीक है। यह त्योहार प्रकृति के प्रति प्रेम, उल्लास, सौहार्द और समृद्धि का संदेश देता है।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से दोनों पर्वों को हर्षोल्लास से मनाने तथा स्वतंत्रता, एकता, शांति और राष्ट्रीय प्रगति के आदर्शों के प्रति अपने संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित