चंडीगढ़ , अक्टूबर 05 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने एशियन गेम्स-2026 में भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन पर सोमवार को खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 85 पदक जीते हैं।

राज्यपाल ने एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक हासिल किए, जिनमें 14 स्वर्ण, नौ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं।

प्रो. घोष ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन खेल क्षेत्र में देश की बढ़ती शक्ति, प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। खिलाड़ी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर लगातार देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश की खेल उपलब्धियों में हरियाणा निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं।

राज्यपाल ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहायक कर्मियों और परिजनों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने मामूली अंतर से पदक से चूके खिलाड़ियों के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि उनका धैर्य, प्रतिबद्धता और खेल भावना प्रशंसनीय है।

उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगी और उन्हें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित