चंडीगढ़ , मई 13 -- हरियाणा सरकार ने उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के राजकीय कॉलेजों में 435 नए असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की है।

शिक्षा मंत्री महिपाल धंदा ने बुधवार को नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इन नियुक्तियों में भूगोल के 277, राजनीति विज्ञान के 71 और इतिहास के 87 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं। सरकार ने स्पष्ट किया कि कॉलेजों में खाली पदों को भरना उसकी प्राथमिकता है, ताकि शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से विद्यार्थियों को पूरी निष्ठा और मेहनत से पढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि इन 435 नियुक्तियों से प्रदेश के राजकीय कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल का लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित