यमुनानगर, अगस्त 23 -- संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के काशी से लाई गयी पवित्र माटी को हरियाणा में यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र के मंदिरों तक पहुंचाने के लिए रविवार को कलश वंदन यात्रा निकाली गयी।

यात्रा का शुभारंभ गाधौली स्थित गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण पंवार, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला अध्यक्ष राजेश सपरा मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने दुनिया को 'मन चंगा तो कठौती में गंगा' का महान संदेश दिया। उन्होंने जात-पात और भेदभाव का विरोध कर समानता और प्रेम का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि काशी स्थित गुरु रविदास की पवित्र जन्मभूमि से लाई गई माटी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है।

श्री पंवार ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार संतों के विचारों और उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए वंचित वर्गों के सम्मान और कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा के माध्यम से पवित्र माटी को यमुना मंडल के प्रत्येक मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पूरे देश में श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कलश वंदन यात्रा धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक समरसता का संदेश भी दे रही है। उन्होंने कहा कि गाधौली स्थित गुरु रविदास मंदिर से यात्रा की शुरुआत होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे काशी से आई पवित्र माटी का सभी मंदिरों में श्रद्धापूर्वक स्वागत करें और गुरु रविदास के एकता व समानता के संदेश को आगे बढ़ाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित