चंडीगढ़ , अप्रैल 25 -- हरियाणा सरकार ने मंडियों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 932 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। साथ ही आढ़तियों का कमीशन 33.75 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 55 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को बताया कि बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देते हुए गुणवत्ता मानकों में ढील दी गई है। अब चमक में 70 प्रतिशत तक कमी स्वीकार होगी, जबकि टूटे व सिकुड़े दानों की सीमा छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में फसल खराबे पर मुआवजे और प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16,160 करोड़ रुपये किसानों को दिए गए हैं। वहीं प्रधान मंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत करीब 20 लाख किसानों को 7,562 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में भेजी जा चुकी है। इस मौके पर विधायक निखिल मदन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित