भिवानी , अप्रैल 27 -- हरियाणा सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एकअहम कदम उठाते हुए भिवानी जिले के गांव सूई में नये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच और बेहतर होगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर करीब 466.35 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर नागरिक को उसके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जायें।

उन्होंने कहा कि नये स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से गांव सूई सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक उपचार, जांच और सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। इससे मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा और बीमारियों की पहचान शुरुआती चरण में ही संभव हो पाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि इस केंद्र के बनने से बड़े सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा, जिससे वहां सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होने से लोगों को इलाज के लिए शहरों की ओर रुख कम करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को लगातार सुदृढ़ कर रही है। नये अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं भी जोड़ी जा रही हैं, ताकि आमजन को समय पर बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित