पंचकूला , अगस्त 01 -- हरियाणा में पंचकूला पुलिस ने शहर में अवैध हथियार पहुंचाने की साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए एक व्यक्ति को तीन देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चंडीमंदिर छावनी रेलवे स्टेशन के पास अवैध हथियारों की डिलीवरी देने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी में उसके पास से तीन देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ चंडीमंदिर थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद हथियार पंचकूला में आपूर्ति किए जाने थे। आरोपी के खिलाफ पहले से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा मामला भी दर्ज है।

प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी से हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की जानकारी मिली है। पुलिस अब पूरे अवैध हथियार तस्करी गिरोह की कड़ियां जोड़ने और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित