चंडीगढ़ , मई 16 -- हरियाणा को कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और किसानों और पर्यावरण की सहायता के लिए विकसित नयी तकनीक के चलते वैश्विक स्तर पर बड़ी पहचान मिली है।

नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम में आयोजित जियोस्पैयल वर्ल्ड फोरम 2026 के दौरान हरियाणा को प्रतिष्ठित "जियोस्पेशियल एक्सीलेंस अवार्ड" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान हरियाणा नागरिक संसाधन सूचना विभाग के अंतर्गत कार्यरत हरयाणा स्पेस एप्लीकेशन्स सेंटर (हरसैक) द्वारा विकसित 'अंतरिक्ष से नागरिक सेवा' आधारित यूनिफाइड जियो इनेबल्ड प्रणाली के लिए प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस उपलब्धि पर हरसैक की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि कृषि, फसल अवशेष प्रबंधन और किसानों की सहायता के लिए विकसित यह तकनीक गवर्नेंस और आमजन के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।

हरसैक के निदेशक डॉ . सुल्तान सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और जन-केंद्रित नीतियों का परिणाम है, जिसने हरियाणा को डिजिटल कृषि और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया है।

उन्होंने बताया कि यह जियो इनेबल्ड प्रणाली कृषि, भूमि संसाधन और संबंधित क्षेत्रों में रियल टाइम मॉनिटरिंग, पारदर्शी प्रशासन और वैज्ञानिक योजना निर्माण को सक्षम बनाती है। यह प्लेटफॉर्म प्रत्येक फसल सीजन में 15 लाख से अधिक किसानों और 1 करोड़ से ज्यादा खेतों को कवर कर रहा है।

इसके अलावा इस प्रणाली से नीति निर्धारक, राजस्व विभाग, पटवारी, सर्वेक्षक, युवा नवाचारकर्ता, उद्यमी और विद्यार्थी समेत 4000 से अधिक सक्रिय दैनिक उपयोगकर्ता जुड़े हुए हैं।

हरसैक का एडवांस जियोस्पेशियल प्लेटफॉर्म फसल निगरानी, उत्पादन आकलन, जल संसाधन प्रबंधन, भूमि उपयोग योजना, फसल बीमा विश्लेषण, फसल स्वास्थ्य निगरानी, मंडी मैपिंग और जलवायु अनुकूलन जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

डॉ. सिंह ने बताया कि उपग्रह चित्रों, दूरसंवेदी तकनीक, भौगोलिक सूचना प्रणाली, मोबाइल एप्लीकेशन, ड्रोन सर्वेक्षण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विश्लेषण के माध्यम से हरियाणा में जल स्रोतों, परिवहन नेटवर्क, पंचायत परिसंपत्तियों और भूमि उपयोग परिवर्तन की निगरानी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और वैज्ञानिक संसाधन प्रबंधन को बढ़ावा मिला है।

अंतरराष्ट्रीय निर्णायक मंडल ने खाद्य सुरक्षा, पर्यावरणीय सततता और जलवायु अनुकूलन क्षमता को मजबूत करने में इस मॉडल की उपयोगिता की विशेष सराहना की। इस सम्मान के साथ हरियाणा ने अंतरिक्ष तकनीक आधारित गवर्नेंस और कृषि नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित