चंडीगढ़ , अगस्त 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने बताया कि भारत के 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर खेलों में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। स्वर्ण पदक विजेताओं में पैरा-एथलीट शर्मिला, मुक्केबाज प्रीति पवार, जैस्मीन लेम्बोरिया, साक्षी चौधरी, सचिन सिवाच, प्रिया घनघस और अंकुश शामिल हैं। वहीं नीरज चोपड़ा और नरेंद्र बेरवाल ने रजत, जबकि सीमा ने डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीता।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरियां, विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, खेल नर्सरी, स्टेडियम और आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। महिला खिलाड़ियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति और निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था भी की गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित