चंडीगढ़ , जून 18 -- हरियाणा सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। 'स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार' पहल के तहत राज्य के आठ जिला अस्पतालों में जल्द ही फुल-फील्ड डिजिटल मैमोग्राफी (एफएफडीएम) मशीनें स्थापित की जाएंगी। इससे महिलाओं को स्तन कैंसर की जांच और शीघ्र निदान की सुविधा अपने जिले में ही उपलब्ध हो सकेगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि पंचकूला, रेवाड़ी, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, पानीपत, करनाल, नारनौल और गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल में ये मशीनें लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 29 मई 2026 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा शुरू किए गए 'स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार' क्लीनिकों का उद्देश्य महिलाओं को व्यापक स्क्रीनिंग, निदान और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी योजना के तहत राज्य स्वास्थ्य खरीद समिति ने हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचएमएससीएल) के माध्यम से 11 फुल-फील्ड डिजिटल मैमोग्राफी मशीनों की खरीद को मंजूरी दी है। प्रत्येक मशीन की लागत लगभग 1.18 करोड़ रुपये है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में मैमोग्राफी सेवाएं केवल अंबाला छावनी, झज्जर और रोहतक में उपलब्ध हैं। नई मशीनों के स्थापित होने से स्तन कैंसर की जांच सुविधाओं का दायरा बढ़ेगा और महिलाओं को समय पर निदान व उपचार मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित