चंडीगढ़ , अप्रैल 20 -- हरियाणा की अनाज मंडियों में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर किसानों को हो रही परेशानियों पर सांसद कुमारी सैलजा ने गंभीर चिंता जतायी है।
उन्होंने कहा है कि राज्य में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से नहीं चल रही, जिससे किसानों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कुमारी सैलजा ने बताया कि विभिन्न मंडियों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि खरीद से जुड़ा ऑनलाइन पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा। सर्वर बार-बार डाउन हो रहा है और किसानों के अंगूठों का मिलान नहीं हो पा रहा, जिससे फसल बेचने की प्रक्रिया बाधित हो रही है।
उन्होंने कहा कि पहले किसानों को ऑनलाइन प्रणाली में जोड़ा गया, लेकिन अब तकनीकी खामियों के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ गयी हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर बारदाना की कमी, फसल उठान में देरी और भुगतान में विलंब जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं, जिससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है।
सांसद ने सरकार से मांग की कि इन सभी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाये। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाना जरूरी है, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
कुमारी सैलजा ने यह भी कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगीऔर उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित