चंडीगढ़ , दिसंबर 26 -- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में हरियाणा के गन्नौर में आयोजित सुशासन दिवस सम्मेलन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि श्री वाजपेयी के राष्ट्र के लिए योगदान अतुलनीय हैं।
मुख्य अतिथि श्री बडौली ने कहा कि श्री वाजपेयी का व्यक्तित्व आज भी देशवासियों को नयी दिशा और प्रेरणा देता है। उनकी राजनीति सिद्धांतों संवाद और सहमति पर आधारित थी। उन्होंने सत्ता को सदैव जनसेवा का माध्यम माना। पोखरण परमाणु परीक्षण जैसे साहसिक फैसलों ने भारत को विश्व मंच पर सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। अटल जी ने यह स्पष्ट किया कि मजबूत राष्ट्र ही मानवीय मूल्यों की प्रभावी रक्षा कर सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्री वाजपेयी की जन्म शताब्दी पूरे देश में उत्साह के साथ मनायी जा रही है। इस अवसर पर उनकी कविताओं का पाठ, विचार गोष्ठियां और उनके जीवन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, ताकि नयी पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ा जा सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज 'राष्ट्र प्रथम' की भावना नये भारत की पहचान बन चुकी है। मोदी सरकार विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
श्री बड़ौली ने कहा कि अटल जी के दिखाये मार्ग पर चलते हुए भाजपा ने देश और प्रदेश में सुशासन को मजबूत किया है। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। गरीबों और सभी वर्गों के उत्थान के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।कार्यक्रम में सम्मेलन का आयोजन वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सतीश नांदल सुमित्रा चौहान सहित जिला अध्यक्ष वरिष्ठ नेता पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित