चंडीगढ़ , मई 12 -- हरियाणा सरकार की टेली-मानस मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन राज्यभर में लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आयी है और नवंबर 2022 में शुरू हुई इस सेवा के जरिए अब तक 16 हजार से अधिक लोगों ने मानसिक तनाव, चिंता और भावनात्मक समस्याओं के समाधान के लिए सहायता ली है। सरकार का दावा है कि यह पहल खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है, जहां मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं।

नागरिक टोल-फ्री नंबर 14416 और 1-800-891-4416 पर मुफ्त में मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और मनोसामाजिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। सरकार ने इस सेवा को 112 आपातकालीन हेल्पलाइन से भी जोड़ दिया है, ताकि आत्महत्या या गंभीर मानसिक संकट जैसी स्थिति में तुरंत विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

अतिरिक्त मुख्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि मई 2025 से अप्रैल 2026 के बीच हेल्पलाइन पर 9,669 कॉल प्राप्त हुईं, जो कुल कॉल का 60 प्रतिशत से अधिक हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाना और समाज में इससे जुड़े कलंक को कम करना है।

हेल्पलाइन पर लोगों ने उदासी, चिंता, परीक्षा का तनाव, नशे की समस्या और आत्महत्या के विचार जैसी समस्याओं को लेकर मदद मांगी। करीब पांच प्रतिशत कॉल बच्चों और किशोरों से जुड़ी रहीं। टेली-मानस सेवा में 20 प्रशिक्षित काउंसलर की टीम लोगों को भावनात्मक सहयोग, संकट हस्तक्षेप और जरूरी परामर्श दे रही है।

सरकार ने एलान किया है कि आने वाले समय में जागरूकता अभियान और टेली-काउंसलिंग सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा, ताकि दूरदराज के गांवों तक भी मानसिक स्वास्थ्य सहायता पहुंच सके। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस पहल से लोग बिना किसी झिझक के अपनी मानसिक समस्याओं पर खुलकर बात कर पा रहे हैं और समय रहते मदद मिलने से कई परिवारों को राहत मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित