चंडीगढ़ , सितंबर 11 -- हरियाणा की जेलों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, योग, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ शिक्षा एवं सुधार से जुड़ी पहल आयोजित की जाएंगी। इनमें कैदियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जेलों में सेवा, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाना है। वृक्षारोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान से सेवा भाव तथा योग और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवन एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया जाएगा।
श्री शर्मा ने सभी जेल अधिकारियों को जेलवार विस्तृत कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान को किसी एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए पूरे एक माह लगातार गतिविधियां कराई जाएं। कार्यक्रमों की योजना जेलों में उपलब्ध सुविधाओं और कैदियों की भागीदारी को ध्यान में रखकर बनाई जाए।
अभियान के दौरान शिक्षा प्राप्त कर रहे युवा कैदियों के साथ विशेष संवाद भी आयोजित किए जाएंगे। इसमें उन्हें सेवा, शिक्षा, कौशल, भविष्य और समाज की मुख्यधारा में वापसी को लेकर अपने विचार एवं सुझाव रखने का अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित