चंडीगढ़ , अगस्त 23 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नांगल चौधरी में एकीकृत मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स हब के लिए रेल संपर्क शुरू होने से हरियाणा की आर्थिक विकास यात्रा को नयी गति मिली है। इससे अब राज्य के उत्पादों को घरेलू के साथ-साथ वैश्विक बाजारों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उद्योगपतियों और निवेशकों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रविवार को केवल मालगाड़ी को ही हरी झंडी नहीं दिखायी गयी, बल्कि हरियाणा की नयी आर्थिक गति को भी हरी झंडी मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
श्री सैनी ने कहा कि नांगल चौधरी क्षेत्र आने वाले वर्षों में हरियाणा की नयी आर्थिक राजधानी के रूप में उभरेगा। यह परियोजना राज्य को केवल उत्पादक क्षेत्र तक सीमित रखने के बजाय इसे सीधे वैश्विक और घरेलू बाजारों से जोड़ने वाला प्रमुख केंद्र बनायेगी।
उन्होंने उल्लेख किया कि इस परियोजना की मजबूत नींव पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यकाल में रखी गयी थी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, लॉजिस्टिक्स हब का विकास 886 एकड़ क्षेत्र में दो चरणों में किया जा रहा है, जिसमें से 408 एकड़ में फैला पहला चरण पूरा हो चुका है।
इस आधुनिक केंद्र में माल ढुलाई, भंडारण, लोडिंग-अनलोडिंग और त्वरित प्रेषण की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे उद्योगों का समय और परिवहन लागत कम होने के साथ-साथ कार्यकुशलता भी बढ़ेगी।
उन्होंने उद्यमियों से सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत निविदाओं में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना स्थानीय युवाओं, व्यापारियों और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं कारोबार के नये अवसर पैदा करेगी।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित