चंडीगढ़ , जून 15 -- हरियाणा के उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार नयी पहल करने जा रही है। प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में जल्द ही चीनी मिलों से संबंधित विशेष पाठ्यक्रम शुरू किये जायेंगे। इसके लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति 14 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आईटीआई में चीनी उद्योग से जुड़े विशेष पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रमों का स्वरूप उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें और चीनी मिलों को प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सके।
बैठक में तकनीकी, व्यावसायिक और डिप्लोमा स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही इस संभावना पर भी चर्चा हुई कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सीधे चीनी मिल परिसरों में संचालित किए जाएं, जिससे प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योग आधारित सीखने का अवसर मिल सके।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद तथा प्रशिक्षण महानिदेशालय द्वारा मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों की समीक्षा की गई। इनमें एग्रो प्रोसेसिंग, मैकेनिकल मेंटेनेंस (केमिकल प्लांट), बॉयलर अटेंडेंट, शुगर प्रोसेसिंग ऑपरेटर, शुगर बॉयलिंग, क्वालिटी कंट्रोल, डिप्लोमा इन बॉयलर ऑपरेशन, पीजी डिप्लोमा इन शुगर टेक्नोलॉजी, शुगर मैन्युफैक्चरिंग सर्टिफिकेट, शुगर इंजीनियरिंग डिप्लोमा तथा इंस्ट्रूमेंटेशन एवं ऑटोमेशन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग वर्तमान में आठवीं और दसवीं के बाद विद्यार्थियों के लिए 89 ट्रेड संचालित कर रहा है, जबकि प्रशिक्षण महानिदेशालय से संबद्ध संस्थानों में 169 सीटीएस पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, फिटर, टर्नर, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग तथा इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक जैसे ट्रेड पहले से ही आईटीआई में उपलब्ध हैं।
बैठक में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन हरियाणा राज्य सहकारी चीनी मिल प्रसंघ के प्रबंध निदेशक शक्ति सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित