चंडीगढ़ , मार्च 02 -- हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए 2.23 लाख करोड़ के बजट को जनता की अपेक्षाओं के विपरीत बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, मध्यम वर्ग और कमजोर वर्गों की मूल समस्याओं के समाधान में विफल रहा है।

श्री सिंह ने सोमवार को बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसानों की बढ़ती उत्पादन लागत, फसलों के लाभकारी मूल्य और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे युवाओं के लिए स्थायी रोजगार सृजन का स्पष्ट रोडमैप भी बजट में नजर नहीं आता। सरकारी नौकरियों के बजाय संविदा आधारित पदों पर जोर देना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई से राहत देने के लिए बिजली दरों में कमी या आवश्यक वस्तुओं पर कोई बड़ी घोषणा नहीं की गई। वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में भी अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई। उन्होंने राज्य के बढ़ते कर्ज पर चिंता जताते हुए कहा कि विकास की स्पष्ट दिशा के अभाव में यह बजट निराशाजनक साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित