चंडीगढ़ , मार्च 21 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हरियाणा अफ्रीका साझेदारी से विकास को गति मिलेगी।

श्री नायब सिंह सैनी भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 के दौरान आयोजित भारत-अफ्रीका सामरिक साझेदारी बैठक में कहा कि हरियाणा अफ्रीकी देशों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जोर दिया कि यह सहयोग आर्थिक, औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों में विकास को नई गति देगा।

समिट की अध्यक्षता मनोहर लाल खट्टर ने की, जबकि श्रीपद येस्सो नाइक ने भी अपने विचार रखे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ने औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र के साथ-साथ कृषि, पशुपालन, डेयरी और बागवानी में भी विशेष पहचान बनाई है। इन क्षेत्रों में अफ्रीकी देशों के साथ तकनीक, विशेषज्ञता और अनुभव के आदान-प्रदान से दोनों पक्षों को लाभ होगा।

उन्होंने हरियाणा और अफ्रीका के संबंधों को "बिजनेस टू बिजनेस" से आगे बढ़कर "हार्ट टू हार्ट" बताया। उनके अनुसार, यह साझेदारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं बल्कि आपसी विश्वास, सांस्कृतिक जुड़ाव और साझा विकास की भावना पर आधारित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई प्रबंधन और डेयरी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। हरियाणा सरकार निवेश प्रोत्साहन, संस्थागत सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में हरियाणा और अफ्रीकी देशों के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित होंगे, जिससे आर्थिक प्रगति के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर साझा समृद्धि को भी बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समिट भारत और अफ्रीका के बीच मजबूत होते संबंधों का प्रतीक है, जो साझा इतिहास, सांस्कृतिक जुड़ाव और 'ग्लोबल साउथ' के रूप में उभरती आवाज को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित