यमुनानगर , अगस्त 25 -- हरियाणा के यमुनानगर में स्वाइन फ्लू के तीन नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में हरियाणा में स्वाइन फ्लू के कुल आठ नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से तीन अकेले यमुनानगर जिले के हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि यमुनानगर के तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, जिनमें दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। इनमें से दो मरीज ग्रामीण क्षेत्रों से और एक शहरी क्षेत्र से संबंधित है। तीनों मरीजों का इलाज चंडीगढ़ और पंचकूला के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है, जहाँ जांच के दौरान संक्रमण की पुष्टि हुई।

मामले सामने आते ही यमुनानगर के सिविल अस्पताल में मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था कर दी गई है और अस्पताल प्रशासन ने संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित