यमुनानगर , अक्टूबर 21 -- हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित हड़ताल को लेकर यमुनानगर की डीसी प्रीति ने अधिकारियों की बैठक करके आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी हड़ताल के दौरान आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए निर्देश जारी किए थे।

डीसी प्रीति ने कहा कि तीन दिन की हड़ताल के दौरान बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात सहित सभी आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग समय रहते स्टाफ की ड्यूटी लगाकर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें। जिले में धारा 163 लागू कर दी गई है। यदि आमजन को कोई परेशानी आती है तो वे टोल फ्री नंबर 1950 और डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान सभी बिजली घरों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बिजली निगम के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई असामाजिक तत्व बिजली आपूर्ति बाधित न करे। अधिकारियों को कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहारी सीजन को देखते हुए तकनीकी दक्षता वाले कर्मचारियों की सूची पहले से तैयार रखने को कहा गया है।

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि हड़ताल के दौरान आवश्यक सेवाओं में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिजली घरों की सुरक्षा में तैनात रहेगी और जरूरत के अनुसार अन्य स्थानों पर भी पुलिस बल लगाया जाएगा।

बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता ने बैठक में निगम की तैयारियों की जानकारी दी।

जिला मजिस्ट्रेट प्रीति ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं, जो 24 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेंगे। आदेश के तहत बिजली सब-स्टेशन, ट्रांसमिशन लाइन, टावर, ट्रांसफॉर्मर और कंट्रोल रूम सहित बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचाने या आपूर्ति बाधित करने पर प्रतिबंध रहेगा। अस्पताल, जल आपूर्ति केंद्र, परिवहन और सरकारी भवनों की बिजली बाधित करने वालों पर कार्रवाई होगी।

इसके अलावा बिजली आपूर्ति बहाल करने में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों को डराने-धमकाने, उनके कार्य में बाधा डालने या बल प्रयोग करने पर भी पाबंदी रहेगी। बिना वैध अनुमति के बिजली सब-स्टेशनों और सुरक्षित परिसरों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित