पंचकूला , जुलाई 24 -- उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 30 जुलाई तक अलग-अलग दिनों में व्यापक बारिश और कई स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। बारिश का यह दौर मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक असर दिखाएगा।

आईएमडी के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 से 27 जुलाई तक छिटपुट से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 28 से 30 जुलाई के बीच अधिकांश इलाकों में व्यापक वर्षा हो सकती है। 28 और 29 जुलाई को इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

पंजाब में 24-25 जुलाई तथा 28-30 जुलाई के दौरान अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी। 26-27 जुलाई को कुछ स्थानों पर वर्षा जारी रहेगी। राज्य में 24-25 जुलाई, 27 जुलाई और 30 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में 24 से 30 जुलाई तक लगातार व्यापक वर्षा की संभावना है। 24 से 26 जुलाई और 30 जुलाई को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 27 से 29 जुलाई के बीच कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान प्रदेश में गरज-चमक की भी संभावना बनी रहेगी।

जम्मू-कश्मीर में भी पूरे सप्ताह व्यापक वर्षा का अनुमान है। 25 से 30 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 24 जुलाई को कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है। यहां 24 से 30 जुलाई तक गरज-चमक के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं, जिनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, चलने का भी अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित