नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- चुनाव आयोग ने हरियाणा और आंध प्रदेश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यक्रमों में संशोधन किया है, जिसके तहत इन दोनों राज्यों में यह प्रकिया नयी संशोधित सूचियों के प्रकाशन के साथ तीन अक्टूबर को सम्पन्न होगी।

इन दोनों राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों (दोनों के सीईओ) के अनुरोध पर आयोग ने यह निर्णय लिया है।

आयोग ने मंगलवार को हरियाणा और आंध प्रदेश में एआईआर के संशोधित कार्यक्रमों की घोषणा की। इनके अनुसार इन दोनों ही राज्यों में मतदान स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के घर-घर जाकर लोगों को मतदाता गणना-प्रपत्र वितरित करने और भरे हुए फार्म एकत्रित करने की 15 मई 2026 को प्रारंभ हुई प्रक्रिया अब 24 जुलाई तक चलेगी।

दोनों राज्यों में मतदान केंद्रों को तर्कसंगत बनाने का काम भी 24 जुलाई तक सम्पन्न किया जाएगा। नयी मतदाता सूचियों के मसौदे के प्रकाशन के लिए अब 31 जुलाई 2026 की तारीख तय की गयी है।

सूचियों के मसौदे के प्रकाशन के साथ उन पर दावे और आपत्तियां दर्ज करने का के लिए 31 जुलाई से 30 अगस्त , 2026 तक का समय होगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों पर नोटिस जारी करने और सुनवाई का काम भी 31 जुलाई से 28 सितंबर तक चलेगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दोनों राज्यों की अंतिम सूचियों का प्रकाशन तीन अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

आयोग ने हरियाणा और आंध्र प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया के लिए 14 मई को दो अलग-अलग आदेश जारी किये थे और इस प्रक्रिया में दोनों राज्यों के लिए मतादाताओं के लिए पात्रता तिथि एक जुलाई 2026 तय की गयी है।

पहले के कार्यक्रम के अनुसार इन दोनों राज्यों में मतदाता गणना-प्रपत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई तक पूरी कर ली जानी थी और सूचियों का मसौदा 21 जुलाई को और अंतिम सूची 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जानी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित