हरिद्वार/टिहरी , मार्च 31 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद की मुनिकीरेती थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर मंगलवार को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि जानकी पुल क्षेत्र में लगभग 12 वर्षीय एक बालिका लावारिस अवस्था में घूम रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बालिका को अपनी सुरक्षा में लेकर चौकी जानकी पुल ले आई।

चौकी में महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में बालिका से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम और हरिद्वार निवासी होने की जानकारी दी, लेकिन वह अपने घर का पूरा पता बताने में असमर्थ रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हरिद्वार क्षेत्र में संपर्क कर बालिका के परिजनों का पता लगाने के प्रयास शुरू किए।

पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बालिका को सुरक्षित हरिद्वार पहुंचाया, जहां जांच के दौरान उसका निवास स्थान बैरागी कैंप, कनखल क्षेत्र में पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आज परिजनों को खोजकर बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित